वर्तमान में इस मुकदमे का ट्रायल चल रहा है। पीड़िता और उसके परिजनों के बयान हो चुके हैं, जबकि फोरेंसिक एक्सपर्ट व पुलिस के कुछ अधिकारियों के बयान होने बाकी हैं। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता सौरभ दुसेजा ने बताया कि मुकदमे में जल्द फैसला होने वाला है। इसी बीच पीड़िता अचानक घर से लापता हो गई। पीड़िता के भाई ने बताया कि 30 मई की शाम घर में कोई नहीं था।
इसके बाद जब परिजन घर लौटे तो उसकी बहन घर पर नहीं थी। इस पर कैंट कोतवाली में उन्होंने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लगातार पुलिस से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब पुलिस की ओर से नहीं मिल रहा है।
पीड़िता के लापता होने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पीड़िता की मां ने शक जताया है कि उसकी बेटी की हत्या भी की जा सकती है। ऐसे में यदि यह बात है तो कम से कम उसकी लाश ही ढूंढकर उन्हें सौंप दी जाए। लड़की के परिजन पुलिस के हर दर पर गुहार लगा चुके हैं।
लड़की की तलाश चल रही है। उसके पास कोई फोन भी नहीं है तो लोकेशन आदि का भी पता नहीं चल पा रहा है, लेकिन मुखबिरों को सक्रिय किया गया है। आसपास के थानों में भी सूचना दे दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही लड़की के संबंध में कोई सुराग मिल सकेगा।
- नदीम अतहर, कोतवाल, कैंट