ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नरकोटा में चार दिन से खड़ी एक कार से दिल्ली निवासी एक व्यक्ति का शव मिला। वह बीते 10 अप्रैल को दो चचेरे भाईयों के साथ दिल्ली से उत्तराखंड घूमने आया था। 12 अप्रैल को उसने दोनों भाईयों को भेज दिया था। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मंगलवार को सुबह 9 बजे ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की कार्यदायी संस्था मेघा कंपनी के एक प्रतिनिधि ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि नरकोटा में सड़क किनारे एक लाल रंग की कार में शव है और कार लॉक है। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर के साथ श्रीनगर से फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Cabinet: पंचायत एक्ट में संशोधन के लिए आज अध्यादेश ला सकती है सरकार, इन प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
पुलिस टीम ने वाहन किसी तरह खोलकर शव बाहर निकाला। वाहन नंबर के आधार पर मिले मोबाइल नंबर पर फोन किया तो किसी महिला ने फोन उठाया। बताया कि उसने कार एक ऑनलाइन एप के जरिये लगभग एक वर्ष पहले बेच दी थी। रुद्रप्रयाग कोतवाली प्रभारी मनोज नेगी ने डिटेल खंगाली तो मृतक के भाई से संपर्क हुआ। मृतक की पहचान अनूप सिंह (47) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी सुल्तानपुर रोड, नार्थ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई।