नगर पालिका क्षेत्र में सुबह दस बजे से सायं पांच बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद रही। विद्युत लाइन के तार को बंच केबल में बदलने की कार्रवाई के चलते फीडर को सुबह से ही बंद किया गया था। उधर दिनभर बिजली नहीं रहने से क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विद्युत वितरण उपखंड के नगर पालिका फीडर से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बंद रही। बिजली नहीं आने से क्षेत्रवासी पंखे, कूलर, एसी, फ्रिज आदि सुविधाओं का लाभ नहीं उठा सके। उधर मशीनरी कारोबार से जुड़े लोग भी दिनभर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।
क्षेत्र निवासी खजान सिंह, धीरज कुमार, प्रवीण कुमार ने बताया कि शनिवार को बाजार की साप्ताहिक बंदी रहने के कारण अधिकतर व्यापारी घर पर ही रहे। लेकिन, टीवी नहीं चलने के कारण वह पाकिस्तान के साथ चल रही युद्ध की स्थिति की जानकारी नहीं ले सके। इसके अलावा दिनभर उमस से जूझते रहे।
उपखंड अधिकारी अरशद अली ने बताया कि नगर पालिका फीडर से संबंधित क्षेत्र की विद्युत लाइनों को बंच केबल में बदलने के कार्य के कारण आपूर्ति को बंद किया गया था। सायं के समय काम पूरा हो जाने के पश्चात आपूर्ति को सुचारू करा लिया गया।