सेलाकुई थाने का घेराव करते लोग। संवाद
सेलाकुई थाना क्षेत्र की बंजारा गली में महिला और उनके बेटों से मारपीट के मामले में पूर्व सैनिक संगठन और यूकेडी के नेतृत्व में पर्वतीय समाज के लोगों ने सेलाकुई थाने का घेराव किया। आरोपी पड़ोसी, उसकी पत्नी और दोनों बेटों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाना परिसर के बाहर नारेबाजी की। सूचना पर सीओ प्रेमनगर रीना राठौर पहुंची। उन्होेंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है। 18 सितंबर को बंजारा गली निवासी सुरुचि नौटियाल अपने घर की मरम्मत करवा रही थीं। उन्होंने घर में लगवाने के लिए मंगवाया गया पत्थर सड़क पर रखवा दिया। उनका आरोप है कि पड़ोसी ने श्रमिकों को काम करने से रोक दिया और उनकी मशीन भी फेंक दी। पड़ोसी, उसकी पत्नी और दो बेटों ने उनके बेटों के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके विरोध में रविवार को पर्वतीय समाज के लोग शहीद चौक से मार्च निकाल नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि मामला आपसी विवाद का था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। दोनों को चोटें आई हैं। महिला की ओर से चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लोगों ने कहा कि महिला के दोनों बेटों के सिर पर 12-12 टांके आए हैं। पुलिस को हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करना चाहिए। लोगों के विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीओ प्रेमनगर रीना राठौर थाने पहुंचीं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन किया। इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष वीर सिंह रावत, अशोक नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज पंवार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा शरद रावत, अमित पंवार आदि मौजूद रहे।
सेलाकुई थाने का घेराव करते लोग। संवाद