हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में चार दिन पहले किशोरी की रेप के बाद हत्या के मामले में क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतर आए हैं। गुस्साए लोगों ने लक्सर हाईवे पर जाम लगाकर अपने गुस्से का प्रदर्शन किया।
घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने से क्षेत्र के लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति गुस्सा है।
एडीजी का किया घेराव
आज जब एडीजी रामसिंह मीणा पीड़िता के गांव पहुंचे तो लोगों ने एडीजी का घेराव कर अपना गुस्सा जाहिर किया। घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस की अक्षमता पर सवाल उठाए।
7 जनवरी को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 7 जनवरी को पथरी क्षेत्र की कक्षा 7 में पढ़ने वाली छात्रा को शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला था कि किशोरी के साथ रेप करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी।
शुरू हुई राजनीति
वहीं घटना ने सियासी रूप लेना शुरू कर दिया है। कल सीएम विजय बहुगुणा ने मृतका के गांव जाकर परिजनों से मुलाकात कर मामले में न्याय दिलाने की बात की थी।
सीएम ने पीड़िता के परिजनों को दस लाख देने की घोषणा पर भी विपक्षियों ने निशाना साधा है। कहा है कि मुख्यमंत्री को पैसा नहीं सुरक्षा के इंतजामात ठीक करने चाहिए।