श्रीनगर में मानवता उस वक्त शर्मसार हो गई जब एक सड़क हादसे में एक पिता और बेटी बुरी तरह घायल हो गए और लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की वजाए वीडियो बनाते रहे। इस दौरान बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद युवती के पिता रोते रहे और लोग तब भी वीडियो ही बनाते रहे।
शादी समारोह से बाइक पर लौट रहे पिता-पुत्री को शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारकर कुचल दिया। इस भयानक हादसे में बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के वक्त मानवता भी शर्मसार हुई। घायलों को अस्पताल ले जाने के बजाय लोग वीडियो बनाते दिखे। इस दौरान अमर उजाला संवाददाता नवल खाली ने घायल पिता की चीख सुनने पर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इधर, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भक्तियाना में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शक्ति विहार गेट के समीप शुक्रवार रात पौने ग्यारह बजे करीब भक्तियाना निवासी बिदंर सिंह पुंडीर अपनी बेटी पूनम (23) के साथ शादी समारोह से बाइक पर लौट रहे थे।
इस दौरान शक्ति विहार गेट के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पिता व बेटी राजमार्ग पर गिर गए और अज्ञात वाहन चालक उन्हें कुचलता हुआ फरार हो गया। दुर्घटना में पूनम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिदंर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त आसपास खड़े कुछ लोग तमाशबीन बने तो कुछ वीडियो बनाते रहे।
तभी मौके पर पहुंचे अमर उजाला संवाददाता नवल खाती ने 108 को फोन किया। 108 के पहुंचने में विलंब होने पर वह अपनी गाड़ी में घायल बिंदर सिंह को बेस अस्पताल ले गए, जहां बिंदर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बिंदर सिंह जीआईसी डांगचौरा में शिक्षक हैं।