बड़वा गांव में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग पर डीएफओ को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।
- फोटो : VIKAS NAGAR
इन दिनों बड़वा गांव में गुलदार के आतंक से लोग खौफजदा हैं। कई दिनों से गुलदार गांव के आसपास नजर आ रहा है। ऐसे में गुलदार को पकड़ने की मांग पर ग्रामीणों ने डीएफओ एसपी शर्मा को ज्ञापन भेजा है। डीएफओ ने ग्रामीणों को मांग पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से गुलदार गांव के आसपास नजर आ रहा है। गुलदार अब तक दो गाय और बकरे को निवाला बना चुका है। ग्रामीणों को रात जागकर काटनी पड़ रही है। पूरे गांव में दहशत का माहौल है। शाम के समय बच्चों के बाहर खेलने पर भी रोक लगा दी गई है। गांव के आसपास के खेतों में गुलदार के पांवों के निशान भी देखे गए हैं। बताया कि पूर्व में विभागीय कर्मचारियों ने पिंजरा लगा कर गुलदार को पकड़ने की बात कही थी, लेकिन अब तक इस ओर कोई भी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ज्ञापन सौंपने वालों में आशीष असवाल, अंकित नेगी, रविपाल सिंह, प्रीतम सिंह, किरण सिंह, रमेश चंद आजाद आदि मौजूद रहे।