विकासनगर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन में पिछले करीब एक माह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। पेयजल संकट से परेशान लोगों को गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। सभासद सबल सेहरावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वार्डवासी जल संस्थान कार्यालय पहुंचे और मटका फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया।
लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है, जिससे क्षेत्र के लोग पानी के लिए परेशान हैं। प्रदर्शनकारियों ने जल संस्थान के एसडीओ का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
लोगों ने कहा कि विभागीय अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और वैकल्पिक व्यवस्था के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। सभासद सबल सेहरावत ने कहा कि वार्ड के लोग पिछले एक महीने से गंभीर पेयजल संकट झेल रहे हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोग निजी साधनों से पानी खरीदने को मजबूर हैं।
यदि जल संस्थान ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासियों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा और विभागीय लापरवाही की शिकायत उच्च अधिकारियों और विधायक से की जाएगी। एसडीओ ने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में दिनेश दत्ता, रवि महेश्वरी, विक्की शमशाद, अकबर अली, अंकित रोहिल्ला, रोहित रोहिल्ला, विकास, गगन सेठी, अंकुर गर्ग, भानु गुप्ता समेत अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।