मौसम विभाग की ओर से जारी की गई भारी बारिश की चेतावनी से लोग सहमे रहे। पूरी रात और दिनभर आसमान में बादल उमड़ते रहे। आखिर दोपहर में रिमझिम बारिश के बाद हल्की धूप निकल आई।
मौसम विभाग ने सोमवार को भविष्यवाणी की थी कि अगले 48 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी दीपक रावत ने भी अलर्ट जारी करते हुए मंगलवार को सभी सरकारी और पब्लिक स्कूलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए थे।
इससे सभी लोगों को लग रहा था कि मंगलवार को भारी बारिश हो सकती है। यही वजह रही कि लोग रात को उठ-उठकर आसमान ताकते रहे।
सोमवार शाम से आसमान पर बादल मंडराने शुरू हो गए थे। मंगलवार दोपहर तक आसमान पर बादल छाए रहे। दोपहर साढ़े 12 बजे से रिमझिम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे के बाद बारिश रुकने के बाद हल्की धूप निकल आई।