देहरादून। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन शाखा देहरादून की एक अहम बैठक 23 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पेंशनर भवन, कोषागार में आयोजित की जाएगी। संगठन के अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह (थापली) और सचिव दीप चंद शर्मा ने बताया कि 12 अगस्त को मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक के क्रम में शासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए पेंशनर्स को पहचान पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही 17 दिसंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में डीएम की अध्यक्षता में पेंशनर्स दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग पेंशनर्स को सम्मानित किया जाएगा। 23 अक्तूबर की बैठक में शेष मांगों की समीक्षा, कार्यकारिणी विस्तार और आगामी रणनीति तय की जाएगी। अध्यक्ष ने सभी पेंशनर्स से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की है। ब्यूरो