पीडीएफ ने एक बार फिर दोहराया कि वह पूरी तरह से कांग्रेस के साथ है। रविवार को उत्तराखंड के पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के आवास पर हुई बैठक में यह भी फैसला किया गया कि कांग्रेस के लोकतंत्र बचाओ अभियान में पीडीएफ शिरकत करेगी।
बसपा विधायकों के टूटने की चर्चाओं को मनगढ़ंत बताया गया और कहा गया कि पीडीएफ पूरी तरह से एकजुट है।
देर शाम हुई बैठक के बाद नैथानी ने कहा कि पीडीएफ ने सरकार बनाते समय कांग्रेस का साथ दिया था। इस समय भी कोई ऐसी स्थिति नहीं बनी है कि पीडीएफ कांग्रेस से किनारा करे।
बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी बातचीत हुई। कहा गया कि बसपा के विधायकों को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। बसपा के हरिदास और सरबत करीम अंसारी भी बैठक में शामिल हुए, दोनों ने पीडीएफ से बाहर न जाने और कांग्रेस का साथ न छोड़ने का इरादा जताया। कांग्रेस की ओर से सोमवार को लोकतंत्र बचाओ मशाल जुलूस निकाला जा रहा है। नैथानी के मुताबिक इस अभियान में पीडीएफ पूरी तरह से शिरकत करेगी। लोक तंत्र के खिलाफ काम करने वालों के विरोध में आयोजित हर कार्यक्रम में पीडीएफ शिरकत करेगी।
मंत्री ने कहा कि हम यह संदेश देने में सफल रहे हैं कि पीडीएफ प्रदेश में स्थिर और स्थायी सरकार देने की पक्षधर है। कांग्रेस के नौ बागी विधायकों ने भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश में अस्थिरता की राजनीति के बीज बोए हैं। इन बीजों को पनपने नहीं दिया जाएगा। राष्ट्रपति शासन से लेकर कोर्ट के मामलों को लेकर भी पीडीएफ नेताओं ने आपस में बातचीत की। खुद पर उठ रहे सवालों पर नैथानी ने कहा कि किसी भी सूरत में पीडीएफ के सदस्य ऐसा काम नहीं करेंगे जिससे प्रदेश में राजनीति की स्थिति और अधिक खराब हो। करीब दो घंटे चली बैठक में पीडीएफ के सारे सदस्य शामिल हुए।
कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज
‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ यात्रा के तहत सोमवार को कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में भी जुट गई है। कांग्रेस मुख्यालय से शहीद स्मारक तक के इस जुलूस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस के पूर्व मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। हालांकि राष्ट्रपति शासन को देखते हुए कांग्रेस बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने से बच भी रही है। वहीं सोमवार को नैनीताल हाईकोर्ट में राष्ट्रपति शासन से संबंधित मसले की सुनवाई भी है।
इससे पहले 11 अप्रैल को कोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस बीच के समय का उपयोग कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ जनमत बनाने के लिए किया था। इसी के तहत अब कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन की तैयारी भी की है। इस प्रदर्शन में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के अलावा कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों को भी शािमल किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के मुताबिक प्रदर्शन के तहत कांग्रेस भवन मुख्यालय से लेकर शहीद स्मारक तक का मशाल जुलूस निकाला जाएगा।