रोमांचक टाई ब्रेकर मुकाबले में नैनीताल एफसी लेक को पेनाल्टी शूट आउट के जरिये 3-2 से हराकर पौड़ी प्लाटून ने उत्तराखंड सुपर लीग का खिताब जीत लिया।
ट्रॉफी जीतने पर पौड़ी प्लाटून की टीम को 15 लाख, उपविजेता नैनीताल को 10 लाख और शील्ड दिया गया। जबकि, तीसरा स्थान हासिल करने वाली देहरादून रेंजर्स को पांच लाख और चौथे स्थान पर रहने वाली पिथौरागढ़ पैंथर्स को चार लाख रुपये मिले।
मंगलवार को पवेलियन ग्राउंड में दोपहर एक बजे पौड़ी प्लाटून और नैनीताल एफसी लेक के बीच खिताबी मुकाबला शुरू हुआ। ग्राउंड दर्शकों से खचाखच भरा था। पहले हाफ में नैनीताल का दबदबा रहा। छठे मिनट में विदेशी खिलाड़ी स्टेफिन ने हेडर के जरिये पहला गोल कर नैनीताल का खाता खोला।
कुछ ही देर बात नौवें मिनट में नैनीताल के तेनजिन ने दूसरा गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया। 0-2 से पिछड़ने के बाद पौड़ी प्लाटून को फारवर्ड शशांक ममगाईं ने शानदार शॉट लगाया, लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो पाया। पहले हाफ के 45वें मिनट में पौड़ी के सुरजीत ने शानदार गोल कर स्कोर 2-1 तक पहुंचाया।
दूसरे हाफ में पौड़ी की टीम पूरी रणनीति के साथ ग्राउंड पर उतरी और 55वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीम जीत के लिए संघर्ष करती रहीं। लेकिन दोनों ओर से कोई गोल नहीं हो सका। इसी बीच में दोनों टीम के खिलाड़ी किसी बात पर रेफरी से उलझ गए। इस पर रेफरी ने दोनों टीम के एक-एक खिलाड़ी को रेड कार्ड दिखाते हुए बाहर कर दिया।
स्कोर बराबर होने की दशा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया। लेकिन इस दौरान भी लोग नहीं हुआ। इसके बाद पेनाल्टी शूट आउट के जरिये विजेता का फैसला हुआ। रोमांचक पेनाल्टी शूट आउट में नैनीताल के खिलाड़ी पांच शॉट में से सिर्फ दो गोल मार सके। जबकि पौड़ी प्लाटून के खिलाड़ियों ने पांच में से तीन गोल मारकर ट्रॉफी जीत ली।
ऐसा रहा पेनाल्टी शॉट
नैनीताल - पहला शॉट फेल
पौड़ी - पहला शॉट गोल
नैनीताल - दूसरा शॉट फेल
पौड़ी - दूसरा शॉट गोल
नैनीताल - तीसरा शॉट गोल
पौड़ी - तीसरा शॉट फेल
नौनीताल - चौथा शॉट गोल
पौड़ी - चौथा शॉट फेल
नैनीताल - पांचवा शॉट फेल
पौड़ी - पांचवा शॉट गोल
इनको मिला इनाम
बेस्ट बेलेयर (गोल्डन बूट ) पिथौरागढ़ के चेकपो -12 गोल
बेस्ट फारवर्ड देहरादून रेंजर्स के बाला अल हसन -10 गोल
बेस्ट मिडफिल्डर - रोहित गुर्साइं, देहरादून रेंजर्स
बेस्ट स्टॉपर - विकास क्षेत्री, नैनीताल एफसी लेक
बेस्ट अपकमिंग प्लेयर - भूपेंद्र सिंह, पिथौरागढ़ पैंथर्स
बेस्ट गोलकीपर - आयुष राय, पिथौरागढ़ पैंथर्स
(नोट - इसके अलावा सभी मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को पांच हजार रुपये का पुरस्कार)