राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, अस्पताल में आने वाले मरीजों को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) व आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के लिए परेशान नहीं होना होगा। मरीजों की मदद अंबुला टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड करेगी। इसके लिए दून मेडिकल कॉलेज और अंबुला टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ है।
बृहस्पतिवार को हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. एमएलबी भट्ट और दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सायना ने इस एमओयू पर साइन किया है। डॉ. सयाना ने बताया कि यह संस्था दून मेडिकल कॉलेज के मरीजों की मदद करेगी।
यह संस्था राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भारत सरकार, राज्य सरकार व एनएमसी के मानक के अनुसार सभी मरीजों की आभा आईडी बनाने व आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन प्रोग्राम में मदद करती है। इसके माध्यम से मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन के लिए स्कैन एंड शेयर योजना में इनरोल करने का कार्य किया जाता है। ऐसे में दून मेडिकल कॉलेज, अस्पताल को भी मदद मिलेगी। अस्पताल का सभी डाटा डिजिटल हो जाएगा। इससे भारत व उत्तराखंड के मेडिकल केयर में एक बेहतर सुधार आएगा।