पछवादून के सबसे बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विकासनगर में पैथोलॉजी लैब दो माह से बंद पड़ी है। अस्पताल में दो लैब टेक्निशियनों के पद रिक्त होने से मरीजों की जांचें नहीं हो पा रही हैं। लोगों को जांच के लिए प्राइवेट पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है। जहां पर साधारण जांचों के लिए भी लोगों को मोटी फीस चुकानी पड़ रही है।
सरकारी अस्पताल में खून से संबंधित समस्त जांचें 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक की फीस में हो जाती हैं। वहीं, प्राइवेट सेंटरों में इसके लिए लोगों को 500 से लेकर 2500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। सीएचसी विकासनगर पछवादून का सबसे बड़ा अस्पताल है। जहां पर विकासनगर, कुल्हाल, ढकरानी, कुंजा ग्रांट, हरबर्टपुर, अंबाड़ी, डाकपत्थर, बरोटीवाला, केदारावाला, पश्चिमीवाला, बदामावाला, भोजावाला, जीवनगढ़, मेेहूंवाला समेत तमाम इलाकों से लोग इलाज के लिए पहुंचते है। साथ ही जौनसार बावर की एक बड़ी आबादी भी इलाज के लिए पूरी तरह से इसी अस्पताल पर निर्भर है।
अस्पताल में रोजाना 500-600 ओपीडी होती हैं। इनमें ज्यादातर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर रक्त संबंधित जांच की सलाह देते हैं, लेकिन बीते दो माह से लैब टेक्निशियन नहीं होने से जांच कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को प्राइवेट पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है। आलम यह है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के ब्लड सैंपल तक लेने वाला भी कोई नहीं है। परिजनों को अपने खर्चे पर प्राइवेट सेंटरों से लैब टेक्निशियों को बुला ब्लड सैंपल दिलवाने पड़ते हैं।
----
अस्पताल में होती थी ये जांचें
सीएचसी विकासनगर में कुल 23 प्रकार की पैथोलॉजी जांच होती है। इसमें शुगर, टाइफाइड, लिपिड प्रोफाइल, केलोस्ट्राल, ब्लड यूरिया, प्लेटलेट्स आदि जांचे शामिल हैं।
----
फार्मासिस्ट के पद भी खाली
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विकासनगर में फॉर्मासिस्ट के दो पद भी लंबे समय से रिक्त हैं। अस्पताल में आबादी के बोझ को देखते हुए चार फार्मासिस्ट की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में सिर्फ दो ही फॉर्मासिस्ट यहां पर काम कर रहे हैं। दो माह पूर्व रिक्त पदों में से एक पद पर फार्मासिस्ट की तैनाती की गई थी, लेकिन उन्होंने भी अपने आपको सचिवालय स्थिति डिस्पेंसरी में अटैच करा लिया।
----
वास्तव में लैब टेक्निशियनों और फॉर्मासिस्ट के पद रिक्त होने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। रिक्त पदों पर स्टॉफ की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही रिक्त पदों पर स्टॉफ की तैनाती कर दी जाएगी। -डॉ. केके शर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी विकासनगर