कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर शंटिंग के दौरान रेल का इंजन पटरी से उतर गया। मुरादाबाद से एमएफडी वाहन (किरेन) को बुलाकर इंजन को पटरी पर चढ़ाया गया।
इस दौरान नजीबाबाद-कोटद्वार को चलने वाली पैसेंजर का एक टर्न कैंसिल हो गया। करीब आठ घंटे के बाद पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हुआ।
रेलवे स्टेशन मास्टर आशीष बिष्ट ने बताया कि शनिवार सुबह पौने दस बजे नजीबाबाद से कोटद्वार पैसेंजर ट्रेन आई थी।
पैसेंजर के डिब्बों को वापस ले जाने के लिए इंजन शंटिंग कर रहा था, तभी के-2 प्वाइंट पर इंजन का पहिया पटरी से उतर गया। इसके कारण नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच पैसेंजर ट्रेन का एक चक्कर स्थगित करना पड़ा। करीब डेढ़ सौ सवारियों का किराया वापस किया गया।