देहरादून स्टेशन पर मरम्मत कार्य होने के कारण 36 दिन के लिए विभिन्न ट्रेनों का आवागमन बाधित रहेगा। ऐसे में उन लोगों के सामने दिक्कत पैदा हो गई है जो यात्रा प्लान कर रिजर्वेशन करा चुके हैं।
रेलवे ने बहुत गैर-जिम्मेदाराना तरीके से यात्रियों से कह दिया है कि सुबह जाने वाले यात्री जन शताब्दी से हरिद्वार तक चले जाएं। ऐसे में जन शताब्दी के यात्रियों को भी दिक्कत पैदा हो जाएगी। रेलवे न तो हरिद्वार तक के टिकट का पैसा लौटाने को तैयार है और न वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में बस की व्यवस्था ही की है।
सोमवार से 36 दिन तक दून से हरिद्वार के बीच प्रतिदिन हजारों यात्री सफर नहीं कर पाएंगे। दून स्टेशन पर जरूरी मरम्मत कार्य की वजह से यह ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इससे बुजुर्ग, बच्चों और महिला रेल यात्रियों की मुसीबत ज्यादा बढ़ गई है। जिन यात्रियों ने इन ट्रेनों से रिजर्वेशन कराया है, उनमें से कई यात्री रोजाना हरिद्वार तक के टिकट का पैसा वापस लेने रिजर्वेशन काउंटर पर पहुंच रहे हैं।
रेलकर्मी नियमों का हवाला देकर आधे सफर का पैसा न लौटाने की जानकारी दे रहे हैं। पूरा रिजर्वेशन कैंसिल करने पर ही रिफंड किया जा रहा है। इस पर यात्रियों की रेल अधिकारियों से झिकझिक भी हो रही है।
दूसरा रेलवे ने यह व्यवस्था की है कि, जिन यात्रियों ने हफ्ते में एक या दो दिन दून से सुबह रवाना होने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन कराया है, वे सुबह 5.10 बजे जाने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस से हरिद्वार तक जा सकते हैं। यात्रियों का तर्क है कि जन शताब्दी एक्सप्रेस में पहले से आरक्षित सीटों के अलावा दो अन्य ट्रेनों तक के अतिरिक्त यात्रियों को सीट मिलनी मुश्किल होगी।
बस की व्यवस्था हो सकती थी
रेल महकमा चाहता तो हरिद्वार से देहरादून के बीच यात्रियों के रिजर्वेशन की श्रेणी के हिसाब से जरूरी संख्या में बस की व्यवस्था कर सकता था। सूत्रों का कहना है कि, स्थानीय रेल अधिकारियों ने बैठक कर इस पर मंथन भी किया था। हरिद्वार-देहरादून के बीच बस सेवा की मांग उठी भी थी।
फिर भी रेलवे के बड़े अफसरों द्वारा इस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। उत्तर रेलवे के दिल्ली स्थित मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि ट्रेनों के कैंसिल होने की पूर्व सूचना पिछले कुछ दिन से दी जा रही है। ऐसे में रेलवे में बस की व्यवस्था करने का नियम नहीं है। हां, अगर यात्री हरिद्वार तक का टिकट कैंसिल करना चाहते हैं, तो टिकट कैंसिल किया जाएगा।
अच्छी सर्विस से बनेगी रेलवे की बेहतर छवि : उग्रसेन
नार्दर्न रेलवे मैंस यूनियन (नरमू) के सहायक मंडल सचिव उग्रसेन सिंह ने कहा कि रेलवे को अपने यात्रियों को अच्छी सर्विस देनी होंगी। यात्रियों को अच्छी सुविधाएं मिलेंगी तो, रेलवे की छवि भी और बेहतर बनेगी। नरमू के नेता उग्रसेन ने कहा कि यूनियन प्रबंधन से मांग करती है कि ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान देहरादून-हरिद्वार के बीच उपयुक्त समय पर जरूरी बसों का संचालन किया जाए।
ट्रेनों के न चलने से मुसीबत शुरू
सोमवार को दून रेलवे स्टेशन से काठगोदाम और शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन नहीं हुआ। जबकि मंगलवार को उज्जैनी एक्सप्रेस, इंदौरी एक्सप्रेस और उपासना का दून-हरिद्वार के बीच संचालन नहीं होगी। इस तरह 23 मई तक विभिन्न ट्रेनों का दून से संचालन प्रभावित रहेगा। प्रभारी स्टेशन अधीक्षक सीताराम ने बताया कि सुबह चलने वाली जो वीकली ट्रेनें कैंसिल हुई हैं, उनके यात्रियों को जन शताब्दी एक्सप्रेस से भेजा रहा है।
23 मई तक दून-हरिद्वार के बीच यूं होगा ट्रेनों का संचालन
दून से रोजाना अधिकतम 19 ट्रेनों का संचालन होता है। दून रेलवे स्टेशन पर मरम्मत कार्य की वजह 17 अप्रैल से 23 मई तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इस अवधि के दौरान दून से विभिन्न ट्रेनों का संचालन नहीं हो सकेगा।
ये ट्रेनें नहीं चलेंगी
शताब्दी एक्सप्रेस, काठगोदाम एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस, उपासना एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस, इंदौरी एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस, कोच्चुवेली एक्सप्रेस, मदुरै एक्सप्रेस,
ये ट्रेनें चलेंगी
जनशताब्दी एक्सप्रेस, हावड़ा एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, लाहौरी एक्सप्रेस, राप्ती गंगा एक्सप्रेस (दून-मुज्जफरपुर), राप्ती गंगा एक्सप्रेस (दून-गोरखपुर), बांद्रा एक्सप्रेस, डीएलएस पैसेंजर, नंदा देवी एक्सप्रेस।