नैनीताल से हेमकुंड साहिब जा रहे एक तीर्थयात्री के कार समेत लापता होने का मामला सामने आया है। लापता तीर्थयात्री के दामाद ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उन्हें ढूंढने की मांग की है।
पांच दिनों से लापता है यात्री
छतरपुर फार्म, महरौली, दिल्ली निवासी मनींदर सिंह की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उनके ससुर गुरमीत सिंह (52 वर्ष, दिल्ली निवासी) पांच दिनों से लापता हैं।
एक अक्तूबर को उनके ससुर गुरमीत ने नैनीताल से फोन किया कि वह हेमकुंड जाना चाहते हैं और कुछ गरम कपड़े सहित नकदी लेकर उनसे कर्णप्रयाग में मिलें।
इस पर वह कर्णप्रयाग पहुंचे और बदरीनाथ हाईवे पर ससुर को गरम कपड़े सहित कुछ नकदी के साथ अपनी कार भी दी।
दिल्ली से नैनीताल घूमने के लिए आए थे गुरमीत
इसके बाद वह ससुर की कार लेकर दिल्ली के लिए और ससुर उसकी कार लेकर हेमकुंड साहिब रवाना हो गए। तब से उनके ससुर का कहीं पता नहीं है। पुलिस की मानें तो कार में और कोई था या नहीं, ऐसा कुछ भी दर्ज नहीं है।
उन्होंने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गुरमीत सिंह कुछ दिन पूर्व ही अकेले दिल्ली से नैनीताल घूमने के लिए आए थे।