- व्यापारियों ने सीओ के सामने रखे यातायात सुधार के सुझाव,
- किरायेदार दुकानदारों के सत्यापन और रात में गश्त बढ़ाने की भी उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। बाजार की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए चौक-चौराहों के आसपास वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने और बाजार क्षेत्र में ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित करने की मांग उठी है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बाजार चौकी में शुक्रवार को आयोजित बैठक में सीओ डॉ. आदित्य तिवारी के सामने ये सुझाव रखे। उन्होंने यातायात सुधार के लिए रूट प्लान बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में सीओ ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से बाजार की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सुझाव मांगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए चौक-चौराहों के आसपास वाहनों को खड़ा करने पर रोक लगाई जानी चाहिए। ई-रिक्शा के संचालन के लिए अलग रूट प्लान तैयार किया जाए। साथ ही बाजार क्षेत्र में इनके संचालन को प्रतिबंधित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने बाजार में किराये पर दुकान लेकर कारोबार करने वाले व्यापारियों का सत्यापन कराने का सुझाव भी दिया। कहा कि रेहड़ी और पटरी व्यापारियों को फुटपाथ पर निर्धारित स्थानों पर खड़े होने की अनुमति दी जाए, ताकि पैदल चलने वालों को परेशानी न हो। इसके अलावा बाजार में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और यातायात संचालन की व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाई।
सीओ ने व्यापारियों के सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बाजार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में व्यापार मंडल संरक्षक नीरज अग्रवाल, महामंत्री हरीश अरोड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हिमकर गुप्ता, रोहित गुप्ता, राहुल, दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।