राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैपावटा को क्लस्टर विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज मेहरावना में समायोजित किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में आपात बैठक बुलाकर समायोजन के विरोध में आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।
ग्राम मैपावटा स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को क्लस्टर विद्यालय राजकीय इंटर काॅलेज मेहरावना में समायोजित करने की तैयारी चल रही है। विद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों ने शिक्षा विभाग की इस कवायद का विरोध किया है।
इस संबंध में बुलाई गई आपात बैठक में अभिभावकों ने कहा कि मेहरावना क्लस्टर विद्यालय की दूरी मैपावटा विद्यालय से लगभग 14 किलोमीटर है। जबकि कई छात्रों के घरों से यह दूरी 27 किलोमीटर तक हो जाती है। क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं होने से छात्र-छात्राओं का नियमित रूप से विद्यालय में आना-जाना असंभव है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर विद्यालय का रास्ता घने जंगलों से होकर गुजरता है जिसके चलते बच्चों के साथ दुर्घटना का खतरा भी हमेशा बना रहेगा।
अभिभावक संघ व विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मैपावटा विद्यालय में पठन-पाठन के लिए जरूरी सभी सुविधाएं मौजूद हैं। विद्यालय को क्लस्टर विद्यालय में समायोजित करने की कार्रवाई का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी, शिक्षा मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा, खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को ज्ञापन भी प्रेषित कर दिया गया है। इस दौरान गजेंद्र वर्मा, सरदार सिंह, किशन चंद्र जोशी, अर्जुनदत्त, दीवान सिंह, सुरेंद्र जोशी, प्रभा जोशी आदि उपस्थित रहे।