पुलिस ने इस साल के कांवड़ मेले के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर इस बार केंद्र से 12 कंपनी अर्द्धसैनिक बलों की मांगी गई हैं। इसके अलावा खोजी कुत्तों समेत तीन टीमें बम निरोधक दस्तों के लिए भी मांग गृह मंत्रालय को भेज दी गई है। आगामी 16 जून को कांवड़ मेले की तैयारियों के संबंध में पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी।
इस साल छह जुलाई से कांवड़ मेले की शुरुआत होनी है। हर साल आसपास के राज्यों से करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार में कांवड़ लेकर आते हैं। इसके अलावा कांवड़िए ऋषिकेश और इसके आसपास के धर्मस्थलों तक भी जाते हैं। ऐसे में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जाती हैं। आईजी गढ़वाल रेंज करन सिंह नगन्याल ने बताया कि कांवड़ मेले की तैयारियां पुलिस के स्तर से शुरू कर दी गई हैं। हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी हरिद्वार को निर्देशित किया जा चुका है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय को अर्द्धसैनिक बलों की मांग भी भेज दी गई है।
इनमें छह कंपनी आईटीबीपी, तीन कंपनी एसएसबी और तीन कंपनी आरएएफ के लिए मांग की गई है। हालांकि, इनमें से कितनी मंजूर होती है यह बाद में पता चलेगा। इसके अलावा तीन टीमें बम डिस्पोजल स्क्वाड की मांग मंत्रालय को भेजी गई है। हर साल होने वाली अंतरराज्यीय बैठक इस बार 16 जून को होनी है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल, राजस्थान आदि राज्यों के अधिकारियों के साथ तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होनी है।