भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पंतनगर विश्वविद्यालय को स्वच्छतम उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। कुलपति डॉ. जे कुमार ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के स्वच्छता मिशन के अंतर्गत प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
इसमें पंतनगर विश्वविद्यालय को राजकीय संस्थानों की श्रेणी में पहला स्थान दिया गया है। बृहस्पतिवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडे़कर से यह पुरस्कार दिल्ली में विश्वविद्यालय के निदेशक निर्माण एवं संयंत्र ई. एसएस गुप्ता और तकनीकी एवं योजना प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में कुल 3500 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से मात्र 174 संस्थानों के आवेदन निर्धारित मानकों के अंतर्गत पाये गये। इन 174 संस्थानों में केंद्रीय टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया था।