उत्तराखंड में 12 जिलों के 28 विकासखंडों में पंचायत चुनाव के तहत पहले चरण का मतदान शांतिपूर्वक निपट गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक पहले चरण में करीब 58 प्रतिशत मतदान रहने की संभावना है। शाम तीन बजे तक 54.72 प्रतिशत मतदान हो चुका था। आयोग की ओर से शाम पांच बजे तक मतदान के लिए समय निर्धारित किया गया था।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुवर्द्धन के मुताबिक पहले चरण में 28 विकास खंडों में 2471 ग्राम पंचायतों के प्रधानों, 932 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 120 जिला पंचायत सदस्य तथा 15570 पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतदान हुआ।
प्रदेश में 29058 सदस्य ग्राम पंचायत, 1006 ग्राम प्रधान, 171 सदस्य क्षेत्र पंचायत और तीन जिला पंचायत सदस्यों का निर्वाचन निविर्रोध हो चुका है। श्राम तीन बजे तक करीब 54.72 प्रतिशत मतदान हो चुका था। आयोग के मुताबिक पहले चरण में मतदान करीब 58 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
आयोग के मुताबिक मतदान के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। मतदान का दूसरा चरण 21 जून को होगा। इसमें 2638 ग्राम पंचायतों के 135 जिला पंचायत सदस्य, 1088 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 2638 प्रधान और 17046 पंचायत सदस्यों के लिए 31 विकासखंडों में 15 लाख 80 हजार 927 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगें।
ऑनलाइन आएंगे चुनाव परिणाम
27 जून को पंचायत चुनाव के परिणाम ऑनलाइन प्रदर्शित किए जाएंगे। आयुक्त के मुताबिक पंचायत परिणाम ऑनलाइन जारी करने के लिए विकासखंडों में नोडल अधिकारी नामित किये गये है।