हरिद्वार जिले के खानपुर में अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले को लेकर दोनों पक्षों की घंटों चली पंचायत में निकाह करने का फैसला सुनाया गया है। जिसके बाद सोमवार को किशोरी और एक आरोपी युवक का निकाह करा दिया गया। पंचायत मे शामिल एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर इसकी पुष्टि भी की है।
गौरतलब है कि खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की नाबालिग पुत्री विगत 11 मई को लापता हो गई थी। अगले दिन बदहवास हालत में पहुंची किशोरी ने पड़ोस के ही दो युवकों पर नशीली प्रदार्थ सुंघाकर व अपहरण कर बलात्कार करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ताजमोहम्मद पुत्र कालू व साजिद पुत्र शहीद निवासी प्रहलादपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरु कर दी थी।
इसके बाद इस मामले में कोई कार्रवाई न होने पर किशोरी के परिजनों ने लक्सर सीओ चंदन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर खानपुर पुलिस से शिकायत की थी। दस दिन गुजरने के बाद सोमवार के बाद बिरादरी की पंचायत आयोजित की गई। दोनों पक्षों की पंचायत में मुख्य आरोपी युवक ताज मोहम्मद व किशोरी का निकाह कराने का फरमान सुनाया।
सोमवार को ही ताज मोहम्मद व किशोरी का निकाह करा दिया गया। नाम न छापने की शर्त पर पंचायत मे शामिल एक व्यक्ति ने इसकी पुष्टि की। अब इस मामले मे देखना यह है कि किशोरी का निकाह कराने के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है।