- प्रधान, पंचायत सदस्य, जिपं सदस्य, बीडीएस के रिक्त पदों पर नामांकन पूरे
- कल चुनाव चिह्न आवंटन, 20 नवंबर को होगा मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के नामांकन पूरे होने के बाद रविवार को उनकी जांच होगी। नाम वापसी का मौका मिलेगा। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद खाली पड़े प्रधान के 22 पदों, ग्राम पंचायत सदस्यों के 32,934 पदों, जिला पंचायत सदस्य के एक और क्षेत्र पंचायत सदस्य के दो पदों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग उपचुनाव कराने जा रहा है। इसके तहत 13 व 14 नवंबर को नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई।
रविवार को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी करते हुए रविवार को ही आयोग चुनाव चिह्न आवंटन कर देगा। खाली पदों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा और 22 नवंबर को मतगणना होगी। आयोग के सचिव राहुल गोयल ने बताया कि फिलहाल सभी जगहों पर नामांकन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। आपको बता दें कि आयोग ने पूर्व में 10 व 15 जुलाई को दो चरणों में पंचायत चुनाव कराए थे। इनमें खाली रह गए पदों के लिए अब उप चुनाव कराया जा रहा है।