पहाड़ी प्रजामंडल के अध्यक्ष बीर सिंह पंवार ने एडीबी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से आए दिन पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। जगह-जगह सड़कें खोदी गई हैं। नालियां ध्वस्त हो गई हैं।
शनिवार को धर्मपुर विधानसभा में बैठक में बीर सिंह पंवार ने कहा कि बीते आठ सालों से एडीबी की ओर से सीवर लाइन, पेयजल लाइन, सड़क निर्माण व अन्य कार्य किए जा रहे हैं। कार्यों में देरी और लापरवाही के कारण व्यवस्था बेपटरी हो रही है। कारगी के पास कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है। आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कंपनी के कार्यों की गुणवत्ता सही नहीं है। पेटी ठेकेदारों की ओर से निर्माण कार्य अधूरे छोड़े जा रहे हैं। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है। मोथरोवाला, केदारपुर और देहराखास आदि क्षेत्रों में भी हालात खराब हैं। उन्होंने कहा कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो विधायक और निर्माण कंपनियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे।