देहरादून। पैक्स सचिव, कर्मचारी संयुक्त संगठन की छह सूत्री मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल 11वें और क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश के सभी 13 जिलों से पहुंचे कर्मचारियों ने सहकारिता रजिस्ट्रार कार्यालय, मियांवाला में अधिकारियों के पत्र की प्रतियां जलाई।
क्रमिक अनशन में दलजीत सिंह, गुरु प्रसाद नौटियाल, विपिन कुमार, प्रमोद चंद्र कफलतिया, संजीव शर्मा, शेखर जोशी, दीपक डिमरी, धनीराम कुडियाल, अनूप गवाड़ी, दिनेश चौहान, मनोज खेतवाल, महेंद्र सिंह और इंद्रजीत सिंह शामिल रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने अल्मोड़ा के एआर के पत्र का विरोध करते हुए उसकी प्रतियां जलाई। संगठन के महामंत्री दिनेश कुमार यादव ने कहा, कर्मचारियों ने नियमानुसार पूर्व में नोटिस देकर आंदोलन शुरू किया है। इसके बावजूद कर्मचारियों को धमकाने और उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से इस तरह के पत्र जारी किए जा रहे हैं। इस तरह की कार्रवाई का संगठन पुरजोर विरोध करेगा। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश अध्यक्ष हर्षमणी नौटियाल, संदीप पैंयुली आदि शामिल रहे।