हरिद्वार बाईपास पर फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को कड़ा विरोध झेलना पड़ा। पुलिस की सख्ती से टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटा दिया। अतिक्रमण करने वालों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही हरभजवाला में नदी की जमीन पर बनाए गए पुश्ते को भी निगम की टीम ने तोड़ दिया।
नगर निगम की टीम की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पूर्व टीम ने नाले की ढांग पर अतिक्रमण कर बनाए मकानों को तोड़ दिया था। सोमवार को निगम की टीम भूमि अनुभाग के एसएनए रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में हरिद्वार बाईपास पहुंची। कुछ लोगों ने ठेलियां लगाकर और वाहन खड़े करके फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण किया था। टीम के पहुंचते ही लोग एकत्र हो गए और विरोध करने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसबल के आगे उनकी एक नहीं चली और अतिक्रमण हटा दिया गया। एक महिला ने नगर निगम की टीम पर आरोप भी लगाए।
इसके बाद टीम हरभजवाला में आसन नदी किनारे पहुंची। यहां नदी पर अतिक्रमण कर 200 मीटर तक बनाए गए पुश्ते को तोड़ दिया। नगर निगम ने पूर्व में चेतावनी दी थी लेकिन उसके बाद भी पुश्ते का निर्माण नहीं रुका।