-सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन की मांग, अस्पताल में भर्ती की सुविधा मिले
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन ने मांग की है कि गोल्डन कार्ड धारक पेंशनरों को अस्पताल में हर हाल में भर्ती की सुविधा दी जाए। आच्छादित अस्पतालों में बेड की सीमा न लगाई जाए।
बृहस्पतिवार को संगठन की कार्यसमिति की बैठक हुई। इसमें गोल्डन कार्ड योजना को बीमा कंपनी को देने का विरोध किया गया। इस फैसले का वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। पिछले साल अगस्त से फरवरी तक के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान न होने पर भी सख्त नाराजगी जताई गई। सरकार से मांग की गई कि राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण को अलग से बजट उपलब्ध कराया जाए। बैठक में सरदार रोशन सिंह, मोहन सिंह रावत, जबर सिंह पंवार, बीआर कोहली, आरएस परिहार मौजूद रहे।