- विभागीय नियमावली के अनुसार होगी नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती पर कहा कि विपक्ष प्रदेश के युवाओं को गुमराह कर रहा है। जबकि नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती उत्तराखंड अधीनस्थ नर्सिंग (अराजपत्रित) सेवा (संशोधन) नियमवाली, 2022 के प्रावधानों के अनुरूप राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से की जा रही है।
डॉ. रावत ने कहा, विपक्षी दलों ने हमेशा प्रदेश के युवाओं को बरगलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की रोजगारपरक नीतियों से विपक्षी दल परेशान हैं, जिसके चलते वह अब युवाओं को गुमराह करने में जुटे हैं। सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरियों में लगातार अवसर दे रही है। स्वास्थ्य विभाग में 103 व चिकित्सा शिक्षा विभाग में 587 पदों पर राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती निकाली गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ नर्सिंग (अराजपत्रित) सेवा (संशोधन) नियमवाली, 2022 के मानकाें के अनुरूप पारदर्शी तरीके से भर्ती की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभागों में की गई नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती के लिए सरकार ने तत्कालीन आवश्यकताओं व लंबे समय से विभाग में भर्ती न होने उपजी परिस्थितियों व युवाओं की मांग पर लिखित परीक्षा में छूट के लिए एक बार शिथिलता प्रदान की गई थी। जिसके तहत लिखित परीक्षा के स्थान पर वर्षवार मेरिट के आधार पर पारदर्शिता से भर्ती की गई। अब आगे की नर्सिंग भर्ती परीक्षा पूर्व की भांति नियमावली के अनुरूप आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया, युवाओं की मांग पर ही चयन बोर्ड को नई भर्ती का अधियाचन भेजा गया है।
......
विरोध की बजाय अपने कार्यकाल की उपलब्धि गिनाए विपक्ष
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नर्सिंग अधिकारी भर्ती प्रक्रिया पर लगाए गए आरोप पर पलटवार किया। कहा, विपक्षी दलों के नेताओं के पास जनता के सामने अपनी उपलब्धि गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है, लिहाजा विपक्ष सरकार की उपलब्धियों से बौखलाकर युवाओं के साथ ही आम जनता को भी गुमराह कर सत्ता पर काबिज होना चाहती है।