अगर आप पीसीएस की परीक्षा के लिए तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए सुनहरा अवसर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिविजन) के रिक्त आठ पदों पर ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर अंतिम तिथि सात अप्रैल 2017 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा प्रदेश में छह परीक्षा केंद्रों पर कराए जाएगी।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के प्रभारी सचिव गिरधारी सिंह रावत की ओर से इस संबंध वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी पीसीएस-जे के रिक्त आठ पदों पर सात अप्रैैल की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं।
ई-चलान द्वारा एसबीआई में परीक्षा शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल है। अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित अभ्यर्थियों को 150 रुपये और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को 60 रुपये परीक्षा शुल्क जमा करना है।
अभ्यर्थियों की आयु की गणना एक जनवरी 2017 से की जाएगी। उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिविजन) प्रारंभिक परीक्षा 2016 का आयोजन प्रदेश में छह परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। देहरादून और हल्द्वानी में एक-एक परीक्षा केंद्र और हरिद्वार में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रारंभिक परीक्षा मई 2017 में प्रस्तावित किया है।