हरिद्वार जिले के मंगलौर में पुलिस ने एक फैक्ट्री कर्मचारी का शव नसीरपुर के जंगल से बरामद किया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि कर्मचारी की मौत ठंड से हुई है।
बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस को नसीरपुर के जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली। एसएसआई नवीन सेमवाल, एसआई राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का अकड़ा शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान अनिल (पुत्र पूरण सिंह, निवासी अमित विला, कूकड़ा रोड, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई। अनिल क्षेत्र की उजाला फैक्ट्री में कर्मचारी था और रविवार शाम से घर से लापता था। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है।
वह शाम को पत्नी से घूमने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं आया। एसएसआई नवीन सेमवाल ने बताया कि संभवत: ठंड से फैक्ट्रीकर्मी की मौत हुई है। लेकिन पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
गौरतलब है कि रुड़की में ठंड से पहले भी दो मौतें हो चुकी हैं। इनके अलावा दस दिन पहले नारसन में भी एक ग्रामीण की मौत ठंड से हो चुकी है।