बैंक अधिकारी बन क्रेडिट कार्ड की लिमिट अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला के खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता की ओर से इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दी गई थी। अजबपुर खुर्द निवासी शिकायतकर्ता के मुताबिक उनके फोन पर एक महिला का कॉल आया। उसने खुद को बैंक का अधिकारी बताया। कहा कि जो क्रेडिट कार्ड बनाया गया है, उसकी लिमिट सेट नहीं हुई है और वाउचर भी अपडेट नहीं है। कार्ड तभी इस्तेमाल होगा जब वह अपडेट होगा।
इसके बाद फोन करने वाले ने कार्ड की पूरी जानकारी पीड़िता से ले ली। इसके बाद फोन पर ओटीपी भेजा गया। पीड़िता की ओर से ओटीपी फोन करने करने वाले का बता दी गई। पीड़िता के मुताबिक इसके बाद पांच बार ओटीपी भेजी गई। इसी दौरान ठग ने महिला के खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करवा दिया है। साथ ही थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया है।