देहरादून। कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से चोरी हुई तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी ने नशे की पूर्ति के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ रायपुर, नेहरू कॉलोनी, कोतवाली नगर और डालनवाला थाने में 12 मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को राजा रोड से पीड़ित गोविंद और 18 नवंबर को भी राजा रोड के बाहर से पीड़ित इमरान की मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी विनीत सजवाण निवासी छह नंबर पुलिया, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। इसकी निशानदेही पर एक खंडहर में छिपाकर रखी गई चोरी की तीन मोटरसाइकिलों को बरामद किया है। इन मोटरसाइकिल के मामलों में कोतवाली नगर और डालनवाला में मुकदमे दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदि है और नशे की पूर्ति के लिए मोटरसाइकिल चोरी की थी।