सेलाकुई। सहसपुर थाना पुलिस ने हरियाणा मार्का की अवैध अंग्रेजी शराब की 80 बोतल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पेटियों को कार में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। आरोपी शराब तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार रात थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के नेतृत्व में क्षेत्र में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान सभावाला चौकी प्रभारी कविंद्र सिंह राणा और धर्मावाला चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाई को सूचना मिली कि कुल्हाल के रास्ते प्रदेश में शराब लाई जा रही है। जिस पर पुलिस ने जगह-जगह वाहनों को रोक कर उनकी तलाशी शुरू कर दी। सिंघनीवाला चौक के पास पुलिस को एक कार आती दिखाई दी। रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन की स्पीड बढ़ा दी। कुछ दूरी पर चालक वाहन को छोड़ भागने का प्रयास करने लगा। जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। कार की तलाशी लेने पर उसमें छह पेटी शराब और आठ खुली बोतले बरामद हुई। पूछताछ के दौरान चालक शराब के अभिवहन से संबंधित कागज नहीं दिखा सका। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सौरभ नौटियाल निवासी जड़ली उत्तरांचल कॉलोन पाठ अंबाला हरियाणा के रूप में हुई। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर शराब को बांटने के लिए श्रीनगर गढ़वाल ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम में कॉस्टेबल सुरेंद्र सिंह, नीरज शुक्ला शामिल रहे।