आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की सत्ता में काबिज होने पर दिल्ली की तर्ज पर जनकल्याणकारी बजट लाएगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर काम करने की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और उत्तराखंड के हालात में बहुत अंतर है। उत्तराखंड में ज्यादा काम करना होगा।
दिनेश मोहनिया ने बताया कि दिल्ली सरकार ने बजट में सभी दिल्लीवासियों को कोरोना का टीका मुफ्त लगाने, शिक्षा पर 25 और स्वास्थ्य पर 17 फीसदी खर्च करने, पढ़ाई छोड़ने वालों को ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प देने और मोहल्ला क्लीनिक के बाद महिलाओं के लिए अलग क्लीनिक बनाने को बजट का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि अगर 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता आप को सेवा करने का मौका देगी तो उत्तराखंड के लिए भी इसी तरह की जनकल्याणकारी योजनाएं तैयार की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में संसाधन पहले से उपलब्ध हैं। हमारी सरकार ने उनको बेहतर बनाया है। वहां स्कूल, अस्पताल पहले भी थे लेकिन हमने उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाओं युक्त बनाया है। उत्तराखंड में पहले हमें इन्हें बनाना है। उन्होंने कहा कि सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है।
चार साल के कुशासन से मिली मुक्ति
देहरादून। दिनेश मोहनिया ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद से हटने के साथ ही प्रदेश को चार साल के कुशासन से मुक्ति मिली है। भाजपा ने भी मान लिया है कि प्रदेश में पिछले चार सालों में कोई काम नहीं हुआ। त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए। भाजपा ने त्रिवेंद्र को हटाकर इन सब आरोपों पर सहमति की मुहर लगा दी है।