सीटू से संबद्ध उत्तराखंड भोजन माता कामगार यूनियन ने सोमवार को गांधी पार्क स्थित सीटू कार्यालय से सचिवालय तक रैली निकाली। सचिवालय के पास पुलिस के रोके जाने पर सभा की।
प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को सौंपा। सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज ने कहा, मुख्यमंत्री ने तीन मार्च 2024 को भोजन माताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर 12 माह का मानदेय, अतिरिक्त कार्य न लेना, कामगार घोषित करना, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा देना, सेवानिवृत्ति लाभ, पेंशन और नौकरी से निकालने पर रोक लगाने जैसी मांगों पर आश्वासन दिया था। एक साल से भी अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, मुख्यमंत्री झूठे आश्वासन देते हैं। उन्होंने नौ जुलाई को प्रस्तावित हड़ताल में सभी से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। प्रांतीय अध्यक्ष रोशनी बिष्ट, महामंत्री रेखा राणा, उपाध्यक्ष विजया डंगवाल, ऐश्वर्या जुयाल, रविन्द्र नौडियाल, अभिषेक भंडारी, विमला कौशल ने भी विचार रखे। रैली में नितिन बांठियाल, कमला गुरुंग, बबीता, रजनी रावत, सुनीता सहित पौड़ी, चमोली और ऊधमसिंह नगर से आईं भोजन माताएं भी शामिल हुईं।