सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन की ओर से देहरादून इकाई की सोमवार को बालावाला में पीबी रतूड़ी की अध्यक्षता में बैठक हुई। पदाधिकारियों ने इलाज के दौरान गोल्डन कार्ड की सुविधा न मिलने पर नाराजगी जताई। सचिव लाभ सिंह डोगरा ने कहा कि पेंशनर्स की पेंशन से पैसा काटा जा रहा है, लेकिन राज्य प्राधिकरण की लापरवाही के कारण पेंशनर्स को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहा, भारत के अन्य राज्यों की भांति कम्युनिटी पेंशन की व्यवस्था की जाए। इसका पेंशनर्स को सीधा लाभ दिया जाए। वहीं, चिकित्सा सुविधा न मिलने के मामले में लगातार बातचीत और कार्रवाई के लिए संगठन का चिकित्सा प्रकोष्ठ गठित करने का भी फैसला किया गया। साथ ही विगत गोष्ठी समीक्षा, नवीन सदस्यता व अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई। वहीं, बैठक में ऑपरेशन सिंदूर व पहलगाम हमले में बलिदान सैनिकों और नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा ग्राफिक एरा, श्रीमहंत इंदिरेश और हिमालयन हॉस्पिटल में गोल्डन कार्ड की सुविधा दिए जाने पर प्राधिकरण का आभार जताया गया।