पटेलनगर थानाक्षेत्र के पथरीबाग चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटर सवार वृद्धा को सीधी टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि कार चालक नशे में धुत था। उसने मौके पर बुजुर्ग की मदद करना दूर, बेफिक्री में सिगरेट का धुआं उड़ाया और अभद्रता करता रहा। उसके रवैये के खिलाफ घायल बुजुर्ग के पति ने पटेल नगर थाने में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज करवाई है। घटना 19 दिसंबर की शाम 6:45 बजे हुई। हादसे में विद्या विहार फेज-दो की राजेश्वरी कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय नीलम चौहान घायल हुईं। उनके पति जागेंद्र सिंह चौहान ने पुलिस को बयान दिया कि आरोपी अर्पित जैन बेहद तेज रफ्तार में था। उसने सड़क किनारे नियमों से चल रहीं उनकी पत्नी के स्कूटर में जबरदस्त टक्कर मारी। पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गईं, लेकिन वह मदद करने के बजाय मौके पर सिगरेट पीता रहा और अभद्रता करता रहा।उन्होंने पुलिस को बताया है कि पत्नी गंभीर चोटों के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं, इसलिए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करके अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।