साथियों के साथ गंगा के खादर क्षेत्र में पशु चराने गया एक बुजुर्ग ग्रामीण गंगा में डूबकर लापता हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग की खोजबीन शुरू कर दी है। लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला है।
घटनाक्रम के मुताबिक खानपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुरी बांगर गांव निवासी मामराज पुत्र हरनाम (उम्र 62 वर्ष) रविवार सुबह अपने दो साथियों नरेंद्र और कल्लण के साथ गंगा क्षेत्र के जंगल में पशु चराने गया था। बताया जाता है कि उसके पशु गंगा के किनारे चले गए ।
जैसे ही वह पशुओं को गंगा के किनारे खड़े होकर दूसरी तरफ ले जा रहा था, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गंगा की लहरों की चपेट में आ गया। मामराज ने शोर मचाया तो उसके साथी नरेंद्र और कल्लण उसे बचाने दौड़े, लेकिन इससे पहले कि दोनों कुछ कर पाते मामराज डूबकर लापता हो गया।
हादसे के बाद नरेंद्र और कल्लण ने गांव पहुंचकर हादसे की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों हुजूम मौके पर जुट गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी तो खानपुर थानाध्यक्ष राजीव चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों, ग्रामीणों ने मामराज की खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नही चला। लापता मामराज की तलाश के लिए जल पुलिस को भी मौके पर बुलवा लिया गया। जल पुलिसकर्मियों ने लापता मामराज की बहुत देर तक खोजबीन की लेकिन कुछ पता नही चला।