पिथौरागढ़ से टनकपुर आ रही एक सेंट्रो कार मंगलवार रात सूखीढांग के पास अनियंत्रित होकर करीब साठ फुट गहरी खाई में जा गिरी। कार में न्यूरिया, पीलीभीत (यूपी) के एक ही कुनबे के तीन बच्चों समेत छह लोग सवार थे।
इनमें से एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा-बहू और उनके दो बच्चे घायल हो गए। एक बच्चे को खरोंच तक नहीं आई। सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय में प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह सभी न्यूरिया (पीलीभीत) के रहने वाले हैं।
पिथौरागढ़ के डॉन बाक्सो स्कूल में कार्यरत राजेश मैसी पुत्र स्व. एडविन मैसी मंगलवार को पिथौरागढ़ से अपनी सेंट्रो कार (डीएल 3 सीएस/6625) से परिवार के साथ अपने घर ग्राम ठुलकरी ढकिया न्यूरिया (पीलीभीत) जा रहे थे।