इस दौरान पहुंचे युवक तरुण कुमार ने पुलिस को मृतक महिला को अपनी सास बताया। तरुण ने पुलिस को बताया कि कैंसर पीड़ित उनकी सास का हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल से इलाज चल रहा था। मंगलवार को वह अपनी सास को दिखाने टैक्सी से हल्द्वानी एसटीएच लेकर जा रहे थे।
ठंडी सड़क पर सरोज देवी ने पर्चे घर में भूलने की बात कहते हुए टैक्सी रुकवा दी। बकौल तरुण ‘मुझे पर्चे लाने के लिए घर भेज दिया, पर्चे लेकर जब मैं लौटा तो वहां सास नहीं थीं। थोड़ा आगे जाने पर लोगों ने झील किनारे किसी महिला का शव होने की बात कही तो मौके पर जाकर देखा तो शव उनकी सास सरोज देवी था।’
तरुण ने अपने साले पवन कुमार को फोन पर घटना से अवगत कराया। सूचना पर पवन कुमार अपनी पत्नी मीरा के साथ मौके पर पहुंचा। पवन ने पुलिस को बताया कि उसकी मां पिछले एक साल से कैंसर से पीड़ित थीं और इस बीमारी के चलते वह रात भर सो नहीं पाती थी और बेचैनी होने के चलते मानसिक तनाव में थीं।
संभवतया इसी बीमारी और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने झील में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली होगी। महिला के पति गिरीश चंद्र घर में ही रहते हैं, महिला के दो लड़के और दो लड़कियां हैं। बड़ा लड़का दीपक दिल्ली में नौकरी करता है।