प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने तत्काल काश्तकार जय दत्त की फरियाद का संज्ञान लिया है। पीएमओ की ओर से राज्य के मुख्य सचिव को इस संबंध में बडोली गांव में सड़क निर्माण के लिए सर्वेक्षण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
पीएमओ की ओर से काश्तकार जय दत्त को भी संबंधित कार्रवाई की सूचना दी गई है।
जिसके बाद मुख्य सचिव के प्रमुख निजी सचिव एमएल उनियाल ने लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव को आवश्यक कार्यवाही करने तथा संबंधित काश्तकार को भी इस संबंध में हुई प्रगति से अवगत कराते रहने के निर्देश दिए हैं।
पीएम को पत्र भेजने वाले बडोली के बुजुर्ग जय दत्त पीएमओ की ओर से मिले पत्र के बाद खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं।
उनका कहना है कि अब लगता है कि वह जीते जी अपने गांव में सड़क आती देख सकेंगे। उनका कहना है उनकी इच्छा सड़क की मांग पूरी होने पर प्रधानमंत्री मोदी से मिलने दिल्ली जाने की है।
बडोली के जय दत्त का कहना है कि वह इससे पूर्व भी कई बार स्थानीय समस्याओं के बारे में पत्राचार कर चुके हैं। लेकिन कभी कहीं से कोई उत्तर नहीं आया।
इस बार एक महीने से भी कम समय में पीएमओ की ओर से मिले रिस्पांस से वह काफी खुश हैं। उनका कहना है कि अब वह आवास की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री को पत्र भेजेंगे।