- पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जाए विशेष ध्यान
- चारधाम यात्रा की सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश
- मुख्यमंत्री ने की पांच विधानसभाओं में सीएम घोषणाओं की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, विकास कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने दिया जाए। विधायकों की ओर से अपने क्षेत्र की जिन समस्याओं को उठाया जा रहा है, उन्हें गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग, थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, व देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की सीएम घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा, जन समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बना कर अधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान करें। निर्माण से संबंधित कार्यों में यदि किसी विभाग से प्रस्ताव किसी अन्य विभाग को हस्तांतरित किया जाना है, तो उसे शीघ्र भेजा जाए। विलंब करने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि विधायकों की ओर से बैठक में उठाई गई समस्याओं का संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। मानसून से पहले वर्षाकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए बाढ़ नियंत्रण से संबंधित कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, कर्णप्रयाग से विधायक अनिल नौटियाल, थराली से भूपाल राम टम्टा, केदारनाथ से आशा नौटियाल, देवप्रयाग से विनोद कंडारी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, सचिन कुर्वे, रविनाथ रमन, एसएन पांडेय, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, धीराज गर्ब्याल मौजूद रहे।