देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने अधिकारियों को जनता की भावनाओं के अनुरूप काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने लोकभवन को प्रमुख संवैधानिक संस्थान बताते हुए कहा कि सिस्टम को पारदर्शी और जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
लोकभवन के अधिकारियों के साथ मंगलवार को परिचय बैठक करने के बाद राज्यपाल बिसेन ने कहा कि इस संस्थान की गरिमा और प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए सिस्टम को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने लोक भवन सचिवालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और सभी अधिकारियों से उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं एवं प्रकरणों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और शीघ्रता के साथ काम किया जाना चाहिए।
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद राज्यपाल ने लोक भवन सचिवालय का निरीक्षण किया और वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लोक भवन पुस्तकालय का भी भ्रमण किया और वहां की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव वित्त डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।