दिवाली की छुट्टियों के बाद सोमवार को राजधानी देहरादून के दफ्तरों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जहां एक तरफ दून अस्पताल में अधिक संख्या में मरीज पहुंचे, वहीं बैंक में कैश डिपॉजिट कराने वाले ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
सोमवार को दून अस्पताल में मरीजों की भीड़ और धक्का मुक्की के आगे अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाएं बौनी साबित होती नजर आई। ओपीडी का समय पूरा होने तक मरीजों में धक्का मुक्की होती रही। सोमवार को ओपीडी में आए मरीजों की संख्या साढ़े चार हजार को पार कर गई।
सुबह 5:30 बजे, रजिस्ट्रेशन काउंटर
ओपीडी का समय शुरू होने से आधा घंटे पहले ही साढ़े सात बजे से अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनाने के लिए मरीजों की भीड़ लगने लगी। लाइन में पहले आने के लिए मरीज धक्का मुक्की करते नजर आए। आठ बजे काउंटर खुलने पर मरीजों के पर्चे बनने शुरू हुए।
सुबह 10 बजे, रजिस्ट्रेशन काउंटर
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों ने धीमी गति से पर्चा काटने पर हंगामा कर दिया। मरीजों का कहना था कि रजिस्ट्रेशन के लिए चारों काउंटर लगातार खुले रहने चाहिए। लेकिन बीच-बीच में एक काउंटर को बंद किए जाने से मरीजों का सब्र जवाब देने लगा।
सुबह 11 बजे, ओपीडी
बिल्डिंग में गैलरी की तरफ बनी डॉक्टरों की ओपीडी के बाहर भीड़ में खासकर बुजुर्ग और महिला मरीजों को जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गैलरी में खड़ा होने के लिए मरीज जद्दोजहद करते नजर आए। बीच-बीच में अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों को व्यवस्थाएं बनाने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
दोपहर 12 बजे, दवा काउंटर
अस्पताल के तीनों दवा काउंटर पर लंबी कतार लगी हुई है। सीनियर सिटीजन और महिलाओं के लिए बने काउंटर को लेकर कुछ मरीजों ने हंगामा कर दिया। बुजुर्ग मरीजों का कहना था कि महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बने काउंटर में दूसरे लोग भी घुस जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन को भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा था।