फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: आर्थिक सहायता के चार आवेदन पास कराने को रिश्वत की पेशकश

विज्ञापन
विज्ञापन
देहरादून। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के कार्यालय में आर्थिक सहायता के चार आवेदन पास कराने के लिए एक व्यक्ति ने कनिष्ठ सहायक को रिश्वत देने की पेशकश की। कर्मचारी के इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे और उसके अधिकारियों को धमकी दी। मामले में कनिष्ठ सहायक अमन राणा की शिकायत पर डालनवाला थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन

अमन राणा ने पुलिस को बताया कि वह राजपुर रोड स्थित जीएमवीएन बिल्डिंग के तीसरे तल पर अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान नीली शर्ट, काली पैंट और मास्क पहने एक व्यक्ति चार आर्थिक सहायता संबंधी आवेदन लेकर उनके पास पहुंचा। उसने बताया कि संबंधित आवेदकों से उसकी बात हो चुकी है और आवेदन पास होने पर उसे कमीशन मिलेगा। इसके बाद उसने इन आवेदनों पर डीबीटी कराने को कहा।
राणा ने उसे बताया कि कार्यालय में दलाली का काम नहीं होता और सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन होती हैं। इस पर व्यक्ति ने प्रति आवेदन पांच हजार रुपये देने की पेशकश की। राणा ने रिश्वत लेने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने धमकी दी कि यदि डीबीटी नहीं कराई गई तो वह उन्हें और उनके अधिकारियों को नहीं छोड़ेगा। कार्यालय से बाहर निकलने पर देख लेने और जान बचाकर रहने की चेतावनी भी दी।
विज्ञापन

अमन राणा ने जब उप श्रम आयुक्त से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी कार्यालय से भाग निकला। वह चारों आवेदन राणा की मेज पर ही छोड़ गया। इन आवेदनों में पिंकी, मंगलेश कुमारी, तनु जोशी और रजत शर्मा के नाम दर्ज हैं। राणा ने पुलिस को बताया कि उन्हें आरोपी से जान का खतरा है और वह कभी भी उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। डालनवाला थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें