देहरादून। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय ओबीसी आयोग को सांविधानिक दर्जा देकर प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के सशक्तीकरण का काम किया है। उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों से अगले विस चुनाव के लिए एकजुटता से घर-घर पहुंचकर काम करने का आह्वान किया।
दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास में देहरादून पहुंचे अमरपाल मौर्य ने पार्टी मुख्यालय में ओबीसी मोर्चा की बैठक ली। उन्होंने ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने संगठनात्मक विषयों, संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा प्रस्तुत की।
अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तीव्र गति से विकसित हो रहा है। डबल इंजन की सरकार में समाज के सभी वर्गों को सशक्त करने की दिशा में अनेकों ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। जिसमें पीएम मोदी ने लंबे से बहुप्रतीक्षित ओबीसी समाज के प्राधिनत्व वाले आयोग को सांविधानिक दर्जा देने की मांग भी पूरी की। इसके अतिरिक्त स्किल डेवलपमेंट, रोजगार सृजन, स्वरोजगार से जुड़ी अनेकों योजनाओं ने ओबीसी समाज के सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण काम किया है।
-
आज ओबीसी समाज से करेंगे संवाद
शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मौर्य विभिन्न ओबीसी समाजों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इसमें वे नाई एवं ठाकुर नाई, बंजारा एवं प्रजापति, धीमान, विश्वकर्मा एवं लोहार और पाल एवं गड़रिया समाज के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। इसके बाद ओबीसी समाज के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कार्यक्रम में उद्यमी, व्यापारी, होटल व्यवसायी, चिकित्सक, अधिवक्ता, प्रोफेसर, कॉलेज प्रबंधन, कृषि क्षेत्र, साहित्य एवं लेखन सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे।