सरकार की फार्मासिस्टों की मागों पर इनायत नर्सों को रास नहीं आ रही है। नर्सों ने स्वास्थ्य मंत्री व शासन को पत्र भेजकर अवगत करवाया है कि अगर फार्मासिस्टों का स्केल रिवाइज हुआ तो वह हड़ताल पर उतर आएंगी। नर्सों का फार्मासिस्टों से अधिक वेतनमान है लेकिन स्केल रिवाइज होने पर कम हो जाएगा।
नर्सों ने बढ़ाई मुश्किल
सरकार अभी फार्मासिस्ट हड़ताल का मसला सुलझा भी पाई अब नर्सों की चेतावनी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कर्मचारी हड़ताल पर सरकार के नरम रूख से जनता की परेशानियां कम होती नहीं दिख नहीं रही है। नर्सिंग एसोसिएशन का मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री व शासन के पास पत्र पहुंचा है जिसमें फार्मासिस्टों के स्केल रिवाइज करने पर कड़ा एतराज जताया है। नर्सों का कहना है कि अगर फार्मासिस्टों का वेतन उनसे अधिक किया तो वह उसका कड़ा विरोध करेंगी।
हड़ताल पर जाएंगी
एसोसिएशन की दलील है कि शैक्षणिक योग्यता और वेतनमान में नर्सों को उपर रखा गया है, लेकिन जो स्केल फार्मासिस्ट मांग रहे हैं उसके बाद वह नर्सों से अधिक हो जाएगा। एसोसिएशन ने पत्र में स्पष्ट किया है कि वह न केवल फार्मासिस्टों के स्केल रिवाइज करने का विरोध करेंगी बल्कि हड़ताल पर भी जा सकती हैं। हड़ताल को लेकर सरकार के नरम रुख से लग रहा है कि सरकार को फार्मासिस्टों के स्केल बढ़ाने के साथ नर्सों का स्केल भी बढ़ाने का बोझ सहना पड़ेगा।