विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत के आवास को घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने यमुना कॉलोनी गेट से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस के साथ जमकर नोकझोंक हुई। आवास घेराव के बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, देहरादून में एक सरकारी विश्वविद्यालय खोले जाने, प्रदेश में शिक्षा का बाजारीकरण बंद किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी सौरभ यादव के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री आवास घेराव किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए पुलिस ने किसी तरह बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ कर हिरासत में ले लिया।
संगठन प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी और डीएवी छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल समेत करीब दो दर्जन छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद सुद्धोवाला जेल भेजा गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा, एनटीए की ओर से लगातार की जा रही धांधलियां किसी से छिपी नहीं हैं। इससे देश के भविष्य कहे जाने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।