फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को रिंग रोड स्थित अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंत्री, आयोग अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को भारी संख्या में प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में आयोग दफ्तर कूच किया। यहां पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। इसके चलते प्रदर्शनकारी आयोग के दफ्तर के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए जमकर नारेबाजी की। कुछ देर बाद सिटी मजिस्ट्रेट अनुराधा पाल मौके पर पहुंचीं। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत का इस्तीफा लेने, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष को पद से हटाने, फॉरेस्ट गार्ड की परीक्षा रद्द कर नई तिथियां जारी करने, परीक्षा में हुई धांधली की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि युवाओं को न्याय नहीं मिला तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन शुरू कर देगी। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ ममगाईं ने कहा कि परीक्षा में धांधली से सरकार और आयोग की पोल खुल गई है। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव आयुष गुप्ता, हरिओम भट्ट, गौरव सागर, प्रदीप कुंवर, विपुल गौड़, अभिषेक डोबरियाल, अभय कैंतुरा, आदित्य बिष्ट, हिमांशु, उदित, अंकित, अक्षित, गोविंद, शशांक, प्रियल ध्यानी, शिवानी थापा, कोमल, इरम बेग, विजय बिष्ट आदि शामिल रहे।